खैरथल-तिजारा में मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर हमला, बोले- ईवीएम को दोष देने के बजाय अपने कर्मों की समीक्षा करे कांग्रेस
श्याम सुंदर शर्मा
खैरथल-तिजारा
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को खैरथल-तिजारा में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद ईवीएम को दोष देने के बजाय कांग्रेस को अपने कार्यों और नीतियों की समीक्षा करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझता है और उनके समाधान के लिए काम करता है, जबकि कांग्रेस आरोपों की राजनीति करती है।
मुख्यमंत्री ने हाल में हुए निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा को मिली सफलता का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की गति को तेज करने के लिए केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के स्तर पर समन्वय जरूरी है। गांव और शहरों का विकास पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से होता है तथा केंद्र एवं राज्य सरकार से मिलने वाला बजट इनके माध्यम से विकास कार्यों में लगाया जाता है।
ईवीएम के बजाय अपने कार्यों का हिसाब दे कांग्रेस : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस की ओर से ईवीएम पर सवाल उठाना पुरानी बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर काम करने के बजाय सरकार पर आरोप लगाने में लगा रहता है।
उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सेना, सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय जनता के सामने अपने कार्यों का हिसाब रखना चाहिए।
पेपर लीक को लेकर पिछली सरकार पर निशाना
मुख्यमंत्री ने पेपर लीक के मुद्दे पर पिछली कांग्रेस सरकार को भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक हुए, जिससे युवाओं के भविष्य और उनके सपनों पर असर पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने को प्राथमिकता दी है। सरकारी नौकरियों में नियुक्तियां देने के साथ नई भर्तियों और परीक्षाओं की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी योजना, छात्राओं को स्कूटी और विद्यार्थियों को ड्रेस के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से राशि देने की जानकारी दी।
सहकारिता में भ्रष्टाचार का आरोप
सहकारिता क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय सहकारिता के क्षेत्र में पर्याप्त काम नहीं हुआ और भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सहकारिता से जोड़ने के लिए भाजपा सरकार ने सदस्यता का दायरा बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने डेयरी क्षेत्र में दूध संकलन बढ़ाने और इससे किसानों व पशुपालकों को लाभ मिलने की बात भी कही।
जल समझौतों पर भी कांग्रेस को घेरा
राजस्थान के जल समझौतों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अंतरराज्यीय जल समझौतों के माध्यम से प्रदेश के हितों को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने यमुना जल समझौते का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि हरियाणा में उसके घोषणा पत्र में राजस्थान-हरियाणा जल समझौते को रद्द करने की बात कही गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान को पानी उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और जल परियोजनाओं के पूरा होने के बाद प्रदेश के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
78 प्रतिशत संकल्प पूरे करने का दावा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं। उन्होंने सड़क, बिजली, पानी, रोजगार और आधारभूत ढांचे से जुड़े विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार राजस्थान को विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है।
खैरथल-तिजारा के लिए करीब 110 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खैरथल-तिजारा के लिए करीब 110 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें जिला मुख्यालय खैरथल में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता कार्यालय की स्थापना, 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क का विकास, सर्विस रोड, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ, नाला और पार्किंग से जुड़े कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खैरथल-तिजारा की औद्योगिक संभावनाओं को देखते हुए जिले को आधुनिक और औद्योगिक रूप से विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
खैरथल को ‘ग्रेटर खैरथल’ बनाने की बात
केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि निकाय चुनाव में राजस्थान में करीब 80 प्रतिशत स्थानों पर भाजपा के बोर्ड बने हैं। उन्होंने भिवाड़ी, किशनगढ़, गोविंदगढ़ और खेड़ली में भाजपा के अध्यक्ष निर्विरोध चुने जाने का भी उल्लेख किया।
यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री की मॉनिटरिंग में भिवाड़ी में 30 एमएलडी की 67 करोड़ रुपए की जल परियोजना पूरी हुई है और 52 करोड़ रुपए की सीवरेज डिस्चार्ज पाइपलाइन का काम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इसे अगली बारिश से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। भिवाड़ी स्टेडियम के दूसरे चरण के लिए 20 करोड़ रुपए दिए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।
केंद्रीय मंत्री ने किशनगढ़ बास और 21 गांवों के लिए 77 करोड़ रुपए की पेयजल योजना, हरसोली आरओबी और खैरतल बाईपास आरओबी के निर्माण कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने खैरतल को ‘ग्रेटर खैरतल’ के रूप में विकसित करने की बात कही। साथ ही जिला मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और बस स्टैंड जैसी सुविधाओं के विकास की आवश्यकता बताई। यादव ने कहा कि ईआरसीपी का पानी और नीमराणा में बांध की स्वीकृति से क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
20 में से 16 निकायों में भाजपा के पदाधिकारी : संजय शर्मा
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संजय शर्मा ने कहा कि सरकार के पहले, दूसरे और तीसरे बजट में स्वीकृत अधिकांश विकास कार्य पूर्ण होने की दिशा में हैं। उन्होंने कहा कि कई कार्यों का शिलान्यास मुख्यमंत्री के हाथों किया जा रहा है।
शर्मा ने कहा कि अलवर संसदीय क्षेत्र के 20 निकायों में से 16 में भाजपा के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन या महापौर बने हैं। उन्होंने आगामी पंचायत राज चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि 11 विधानसभा क्षेत्रों वाले क्षेत्र की अधिकांश पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान और तीनों जिला परिषदों में भाजपा के जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने आगामी बजट में अलवर जिले की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों के लिए विशेष सौगात मिलने की उम्मीद भी जताई।
