FeaturedTop StoriesTrending

अलवर के गोविंदगढ़ थाने पर पथराव से मचा हड़कम्प, पत्थर लगने से थाना प्रभारी हुए घायल, पुलिस ने 20 लोगों को किया डिटेन

अलवर. जिले के गोविंदगढ़ थाना परिसर में बुधवार देर रात हुए पथराव से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए करीब 20 लोगों को डिटेन किया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है।

अलवर एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने घटना के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार देर रात कुछ लोग एक बुलेट मोटरसाइकिल को छुड़ाने के लिए गोविंदगढ़ थाने पहुंचे थे। पुलिस टीम लोगों को समझाने और शांतिपूर्ण तरीके से मामला सुलझाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन इसी दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया।
उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने वहां उत्तेजित होकर थाने के बाहर हंगामा शुरू कर दिया और कुछ लोगों ने थाने पर पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक पत्थर गोविंदगढ़ थाना प्रभारी के चेहरे पर आकर लगा, जिससे वे घायल हो गए। घायल थाना प्रभारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने रातभर इलाके में सर्च अभियान चलाकर कई संदिग्ध लोगों की पहचान की है। अब तक इस मामले में करीब 20 लोगों को डिटेन किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पथराव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 14 अप्रैल को कोतवाली थाना क्षेत्र में पथराव की घटना सामने आई थी। लगातार थानों पर हो रहे हमलों ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे मामलों को लेकर अब पुलिस ज्यादा सतर्क नजर आ रही है। अधिकारियों का मानना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई तो असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ सकते हैं।

घटना के बाद गोविंदगढ़ इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। थाना परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं स्थानीय प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारियां की जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *