Monday, October 19, 2026
Latest:
Uncategorized

खेत पर पानी लेकर जा रहे भाई-बहन करंट की चपेट में आए, दोनों की मौत सिंगल फेस डिपो लाइन की अर्थिंग से हुआ हादसा, 7 साल की हर्षिता और 4 साल के गौरव ने मौके पर ही तोड़ा दम

श्याम सुंदर शर्मा

अलवर। रेणी थाना क्षेत्र के करणपुरा गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। खेत में काम कर रहे परिजनों के लिए पानी लेकर जा रहे दो मासूम भाई-बहन करंट की चपेट में आ गए। सिंगल फेस की डिपो लाइन से हो रही अर्थिंग के संपर्क में आने से दोनों बच्चों को तेज करंट लगा। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को लेकर रेणी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही रेणी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद करणपुरा गांव में मातम छा गया और परिवार में कोहराम मच गया।

घर से पानी लेकर खेत जा रहे थे दोनों बच्चे

परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह परिवार के सदस्य घर के पास स्थित खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान 7 वर्षीय हर्षिता और उसका 4 वर्षीय भाई गौरव घर पर थे। खेत में काम कर रहे परिजनों ने बच्चों से पानी लाने के लिए कहा। दोनों मासूम पानी लेकर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सिंगल फेस की डिपो लाइन से हो रही अर्थिंग के संपर्क में दोनों बच्चे आ गए। करंट लगने से दोनों वहीं गिर पड़े।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल लेकर गए। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

दादा ने दी पुलिस को शिकायत

रेणी थाना अधिकारी बने सिंह मीणा ने बताया कि थाना क्षेत्र में दो बच्चों की करंट लगने से मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम रेणी अस्पताल पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। मृतकों की पहचान करणपुरा निवासी हर्षिता (7) और गौरव (4) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई-बहन थे।

एसएचओ ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के संबंध में मृतकों के दादा गिर्राज प्रसाद की ओर से शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जाएगी।

दो मासूमों की मौत से गांव में पसरा मातम

मृतक बच्चों के दादा गिर्राज प्रसाद ने बताया कि दोनों बच्चे बेहद छोटे थे। सुबह परिवार के सदस्य खेत में काम कर रहे थे। बच्चों को पानी लेकर खेत पर आने के लिए कहा गया था। इसी दौरान रास्ते में डिपो लाइन से हो रही अर्थिंग की चपेट में आने से दोनों के साथ हादसा हो गया।

एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की एक साथ मौत होने से करणपुरा गांव में शोक की लहर है। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *