Uncategorized

अलवर के मुख्य पोस्ट ऑफिस स्थित पासपोर्ट केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में कुछ नहीं मिला

अलवर। शहर के मुख्य पोस्ट ऑफिस स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को मंगलवार दोपहर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जयपुर से आए एक ई-मेल में पासपोर्ट कार्यालय में बम या किसी प्रकार के विस्फोटक होने की आशंका जताते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस से सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए गए।

ई-मेल मिलते ही पोस्ट ऑफिस प्रशासन ने तुरंत अलवर पुलिस अधीक्षक कार्यालय को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन मुख्य पोस्ट ऑफिस तथा पासपोर्ट कार्यालय को खाली करवाकर पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। करीब एक घंटे चली जांच के बाद वहां किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

मुख्य पोस्ट ऑफिस के अधीक्षक जब्बार खान ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जयपुर से ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें सुरक्षा के मद्देनजर पासपोर्ट कार्यालय की जांच कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना देकर जांच कराई गई। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय को राजस्थान के सभी पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला था, जिसके बाद सभी स्थानों पर सुरक्षा जांच के निर्देश जारी किए गए।

अधिकारियों के अनुसार धमकी भरा ई-मेल कहां से आया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। हालांकि शुरुआती स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि ई-मेल दक्षिण भारत के किसी क्षेत्र से भेजा गया हो सकता है।

वहीं शहर कोतवाली के सब इंस्पेक्टर ओम प्रकाश ने बताया कि डाक कर्मचारी कमलेश पांचाल की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पोस्ट ऑफिस परिसर को कुछ समय के लिए सील कर दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की जांच कराई गई, लेकिन वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कुछ देर के लिए रोकी गई आवाजाही
बम की धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से मुख्य पोस्ट ऑफिस परिसर में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया और आम लोगों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए रोक दी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

गौरतलब है कि इससे पहले भी अलवर के मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस बार मिले ई-मेल की तकनीकी जांच कराई जा रही है और जल्द ही इसके स्रोत का पता लगाया जाएगा।

अलवर के मुख्य पोस्ट ऑफिस स्थित पासपोर्ट केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में कुछ नहीं मिला

Uncategorized

Uncategorized

Uncategorized

alwar crime news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *